कोंच (गया)।कोंच थाना क्षेत्र के बिजहारा गांव के ग्रामीणों ने अवैध रूप से रोड काटकर पानी मोड़े जाने की शिकायत थाना प्रभारी से की है। इस संबंध में नरेंद्र दास, ग्राम बिजहारा निवासी, ने अपने ग्राम के सभी ग्रामीणों की ओर से थाना में लिखित आवेदन सौंपा है।
आवेदन के अनुसार, 14 अगस्त 2025 की संध्या को बंदेया थाना क्षेत्र के बेला वारिश गांव निवासी संजय साव, श्रवण यादव, बाबू चौधरी, गया यादव, सुजीत यादव, गिरजा यादव, नवल यादव, नरेश यादव एवं अन्य कुछ लोग उक्त सिवाना के पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने रामपुर से चपरा सुग्गी गांव के बीच जाने वाली सड़क पर, बिजहारा सिवाना स्थित स्थान पर, जेसीबी मशीन से रोड काटकर पाइप डाल दिया, ताकि पानी को दूसरे सिवाना की ओर मोड़ा जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध कार्य से बिजहारा के किसानों की फसल पूरी तरह पानी में डूब गई है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल अवैध पाइप हटवाने और दोषियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की मांग की है। कोंच थाना प्रभारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।












