Sunday, August 16, 2026
HomeBiharप्रधानाध्यापक को फोन पर जातिसूचक गाली और जान मारने की धमकी, केस...

प्रधानाध्यापक को फोन पर जातिसूचक गाली और जान मारने की धमकी, केस दर्ज

नाइट गार्ड हटाने को लेकर हुआ विवाद, 15 अगस्त को घर पहुंचकर भी दी धमकी

वज़ीरगंज।वजीरगंज थाना क्षेत्र के उच्चतर  माध्यमिक विद्यालय महुगाईन के प्रधानाध्यापक  को फोन पर गाली-गलौज और जान मारने की धमकी देने के आरोप में वज़ीरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक बिरेंद्र चौधरी द्वारा दिए गए आवेदन और ऑडियो कॉल के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
आवेदन में कहा गया है कि 10 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने प्रधानाध्यापक को फोन किया और नाइट गार्ड को हटाने की बात कही। प्रधानाध्यापक ने कहा कि नाइट गार्ड को हटाने का अधिकार जिला के वरीय अधिकारियों के पास है। इतना सुनते ही फोन करने वाले ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान मारने की धमकी दी। घटना से भयभीत प्रधानाध्यापक ने वज़ीरगंज थाना में लिखित आवेदन दिया।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर झंडोतोलन कर जब वे घर लौटे, तो शाम में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे। उन्होंने केस उठाने का दबाव बनाया और केस नहीं हटाने पर फिर से जान मारने की धमकी दी। उस समय प्रधानाध्यापक घर पर नहीं थे। गांव के लोग जुटने लगे तो दोनों मोटरसाइकिल से भाग निकले।
पीड़ित ने इस घटना की जानकारी पुनः थानाध्यक्ष को फोन पर दी और कानूनी कार्रवाई के साथ सुरक्षा की मांग की है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Most Popular

error: Content is protected !!