अवैध बालू खनन को बताया हादसे का कारण
शेरघाटी।शहर के गढ़ मोहल्ला स्थित बुढ़िया नदी में शनिवार को डूबने से एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान शेरघाटी थाना क्षेत्र के बढ़ई टोला निवासी राकेश कुमार के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि सूरज अपनी मां के साथ नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और आनन-फानन में शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बुढ़िया नदी में अवैध बालू खनन के कारण कई गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि अवैध खनन के चलते नदी में जगह-जगह जानलेवा गड्ढे हो गए हैं और प्रशासन को इस पर तुरंत रोक लगाने की आवश्यकता है।
घटना की सूचना पाकर शेरघाटी थाना अध्यक्ष अजीत कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने और नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।












