गयाजी।सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार (सीयूएसबी) के प्रो बोनो क्लब ने जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ), गया के सहयोग से विश्वविद्यालय के निकर पंचानपुर, टेकारी तथा आसपास के अन्य क्षेत्रों के निवासियों से संवाद किया । कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा मानदंडों, जिम्मेदार नागरिक आचरण तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के कानूनी निहितार्थों के प्रति जागरूकता फैलाना था। यह कार्यक्रम सीयूएसबी के ध्यय ‘कैंपस फॉर कम्युनिटी’ योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो समुदाय-केंद्रित शिक्षा और अनुभवात्मक अधिगम के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है। जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि यह जनसंपर्क कार्यक्रम प्रो बोनो क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. देव नारायण सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया | डॉ. देव के समर्पित नेतृत्व और प्रो बोनो विधिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल को विभागाध्यक्ष एवं डीन प्रो. डॉ. अशोक कुमार का भी सशक्त संस्थागत सहयोग प्राप्त हुआ, जिनका प्रोत्साहन और शैक्षणिक दृष्टि छात्रों में सामाजिक रूप से उत्तरदायी अधिगम को निरंतर प्रेरित करती है।
कार्यक्रम में पैदल यात्रियों, वाहन चालकों, दुकानदारों और युवाओं के साथ प्रत्यक्ष संवाद पर विशेष ध्यान दिया गया। इसमें हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात नियमों के पालन, नशे में वाहन न चलाने तथा सड़क पर लापरवाही के कानूनी परिणामों के महत्व को रेखांकित किया गया। यह पहल विधिक साक्षरता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रभावी समन्वय को दर्शाती है तथा सामुदायिक विकास में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका को सुदृढ़ करती है। प्रो बोनो क्लब के सदस्य छात्रों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की और सराहनीय उत्साह, अनुशासन तथा मजबूत नागरिक कर्तव्य बोध का परिचय दिया। जानकारीपरक चर्चाओं और जागरूकता बढ़ाने वाले संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा कानूनों और नैतिक आचरण के प्रति जन-जागरूकता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों में क्रमशः मनीष कुमार, नंदन कुमार रंजन, वैष्णवी कुमारी, मिनी सिन्हा, नूर इक़बाल, किशलय पांडेय, कार्तिक कुमार, ममतेश कुमार, शिवम कुमार, हर्षित कुमार, आशीष, अनुष्का, आकांक्षा, प्रियांशु पांडेय, अनुज कुमार, रंजन कुमार, अनुराग गुप्ता और शशांक राज शामिल थे ।












