शेरघाटी।शेरघाटी थाना क्षेत्र के चापि गांव में वार्ड सदस्य प्रदीप यादव और उनकी पत्नी केसरी देवी की गला रेतकर हत्या के मामले में अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस की सुस्त कार्रवाई के कारण अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद गांव और आसपास के इलाके में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लोग जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
विधायक प्रतिनिधि के नेतृत्व में कैंडल मार्च, आंदोलन की चेतावनी।
दंपति हत्याकांड के विरोध में बुधवार की शाम शेरघाटी विधायक प्रतिनिधि भगत यादव के नेतृत्व में शेरघाटी ब्लॉक से थाना मोड़ तक कैंडल मार्च सह शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग हाथों में मोमबत्तियां लेकर शामिल हुए और मृतकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि भगत यादव ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि इस कांड में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया, तो सभी पंचायत प्रतिनिधि मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। मौके पर मौजूद पूर्व विधायक मंजू अग्रवाल ने भी पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।












