लर्निंग सर्किल के लिए बने 6 क्लब सीआरसी , साइंस-मैथ शिक्षकों की होगी अनिवार्य बैठक
वज़ीरगंज। वज़ीरगंज प्रखंड अंतर्गत सभी सीआरसी के समन्वयकों और संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को मध्य विद्यालय वज़ीरगंज में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में बताया गया कि लर्निंग सर्किल की मासिक बैठक को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रखंड के सभी सीआरसी को मिलाकर कुल 6 क्लब सीआरसी का गठन किया गया है। निर्णय लिया गया कि प्रत्येक क्लब सीआरसी में हर माह पीएलसी बैठक और पीबीएल कार्य की देख-रेख के लिए विज्ञान शिक्षकों में से एक मेंटर का चयन किया जाएगा। मेंटर अपने क्लब के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का अनुश्रवण करेंगे।
बैठक में यह भी तय हुआ कि आगामी 17 अगस्त को नवगठित सभी 6 क्लब सीआरसी में संबंधित सीआरसी के सभी साइंस एवं मैथ शिक्षक, समन्वयक और संचालक की बैठक आयोजित होगी। इसी बैठक में प्रत्येक क्लब के लिए मेंटर का चयन किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आगामी 17 अगस्त की बैठक में सभी संबंधित शिक्षकों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है।
बैठक में बच्चों के लर्निंग आउटकम, मूल्यांकन और आगामी शैक्षणिक कार्यक्रमों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
