बेलागंज।चाकंद बॉली मैदान में एक निजी विद्यालय की ओर से एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और उन्हें सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना रहा। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अग्थू कंचनपुर पंचायत के समाजसेवी सह मुखिया प्रतिनिधि रंजेश कुमार, युवा जदयू जिला महासचिव रणधीर कुमार तथा डॉक्टर पंकज कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन चाकंद थाना प्रभारी शिवम कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश देकर किया। बताया गया कि क्षेत्र की विधायक मनोरमा देवी एवं नेता रॉकी यादव विधानसभा सत्र के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। आयोजन की पूरी जिम्मेदारी युवा सामाजिक कार्यकर्ता नीरज कुमार ने संभाली। उनके नेतृत्व में टूर्नामेंट को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में महादेव बिगहा और मोलविचक की टीम आमने-सामने हुई। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए मोलविचक की टीम ने फाइनल मैच जीतकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम वर्क और आपसी भाईचारा विकसित होता है। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराने की बात कही।












