आमस पुलिस को बड़ी सफलता।
शेरघाटी।आमस पुलिस ने हैदराबाद पुलिस की मदद से 50 हजार रुपये के ईनामी और कई मामलों में वांछित सैयद खालिद उर्फ खालिद अंजुम को गिरफ्तार कर लिया। शेरघाटी एएसपी शैलेंद्र सिंह ने गुरुवार को डीएसपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि यह गिरफ्तारी वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे अभियान का हिस्सा है, जिसमें जिले के कुख्यात और फरार अपराधियों को पकड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एएसपी ने बताया कि कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी, जिसमें आमस थाना के अधिकारी और जवान शामिल थे। तकनीकी और पारंपरिक दोनों तरह की सूचनाओं के आधार पर पता चला कि खालिद अंजुम हैदराबाद के मिरचौक थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद दबिलपुरा कोमथबारी रोड पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सैयद खालिद उर्फ खालिद अंजुम के रूप में हुई।
खालिद अंजुम आमस थाना कांड संख्या 233/24 में भी वांछित था। इस मामले में शेरघाटी कोर्ट परिसर में अपराधी फोटू खान को छुड़ाने के इरादे से गोलीबारी की गई थी, जिसमें पुलिसकर्मी और फोटू खान घायल हुए थे। इस कांड में अब तक 14 आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।












