वजीरगंज। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत बुधवार को प्राथमिक विद्यालय ईश्वरपुर में तिथि भोजन समारोह का आयोजन किया गया। आयोजक एकता फाउन्डेशन के रसोई प्रभारी संतोष रंजन ने बताया कि आज संस्थान ने पूर्व से चयनित विद्यालय में तिथि भोजन समारोह का आयोजन किया है। प्रत्येक माह अलग – अलग विद्यालय का चयन किया जायगा, जहां इस प्रकार का आयोजन किया जाएगा। बीआरपी विनोद प्रसाद ने बताया कि विभाग द्वारा जारी आदेश के आलोक में यह कार्यक्रम आज इस विद्यालय में आयोजित की गई है, जिसमें विद्यालय के 55 छात्र – छात्राओं ने भाग लिया है। किसी भी विद्यालय में गांव के कोई व्यक्ति या अभिभावक और शिक्षक तथा प्रधानाध्यापक यह आयोजन करवा सकते हैं। इसके लिये पहले विभाग की अनुमति लेनी होगी और अपनी खुशी के मौकों पर बच्चों को तिथि भोजन करवा सकते हैं। मौके पर बच्चों ने बताया कि वे रोज स्कूल आते हैं, दोपहर को मध्याहन् भोजन मिलता है, लेकिन आज विशेष रूप से पूड़ी, सब्जी और खीर खिलायी गई, जो अच्छा लगा। प्रभारी प्रधानाध्यापिका बेबी कुमारी ने कहा कि इस विद्यालय में मुख्य रूप से महादलित समाज के बच्चे आते हैं और योजना का अग्रभाग समझकर इस विद्यालय का चयन किया गया है, जो सराहनीय है। मौके पर विद्यालय समन्वयक गौतम कुमार, सिंटु कुमार एवं कुंदन कुमार सहित अन्य शिक्षक – शिक्षिकाएं एवं बच्चे मौजूद रहे।












