Saturday, March 14, 2026
HomeBiharशेरघाटी में सड़क किनारे मिला मजदूर का शव, इलाके में मचा हड़कंप।

शेरघाटी में सड़क किनारे मिला मजदूर का शव, इलाके में मचा हड़कंप।


शेरघाटी।थाना क्षेत्र के समोद बीघा गांव में गुरुवार की सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर शेरघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया के मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

मृतक की पहचान शेरघाटी शहर के योगापुर गांव निवासी श्याम मांझी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार श्याम मांझी समोद बीघा में ट्रैक्टर पर मजदूरी का काम करता था और बुधवार की सुबह अपने साथियों के साथ काम पर गया था।

पत्नी ने जताई हत्या की आशंका, शरीर पर चोट के निशान।

गुरुवार की सुबह श्याम मांझी का शव समोद बीघा गांव में सड़क किनारे मिला। शव की हालत देखकर प्रतीत हो रहा था कि पीठ पर चोट के निशान हैं और नाक व कान से खून निकल रहा था। मृतक की पत्नी निर्मला देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पति की हत्या की गई है।

पत्नी ने बताया कि बुधवार की शाम ट्रैक्टर चालक और तीन मजदूर वापस लौट आए थे, लेकिन श्याम मांझी घर नहीं पहुंचे। जब इस बारे में पूछा गया तो मजदूरों ने बताया कि वह उनसे आगे चले गए थे। इसके बाद गुरुवार सुबह उनका शव मिलने की सूचना मिली।

पुलिस कर रही जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा।

घटना को लेकर पुलिस अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि यह दुर्घटना है या हत्या। शेरघाटी एएसपी शैलेंद्र सिंह ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि समोद बीघा गांव में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान योगापुर निवासी श्याम मांझी के रूप में की गई है, जो ट्रैक्टर पर ईंट ढोने का काम करता था। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ट्रैक्टर से कुचलने के कारण उसकी मौत हुई है। हालांकि, असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

Most Popular

error: Content is protected !!