Friday, March 27, 2026
HomeBiharपुल के नीचे मिला व्यक्ति का शव, मौत पर परिजनों ने जताया...

पुल के नीचे मिला व्यक्ति का शव, मौत पर परिजनों ने जताया संदेह

वजीरगंज प्रखंड के  पतेड़ मंगरावां पंचायत क्षेत्र के पाकड़डीह मंगरावाँ मोड़ स्थित पोखर के पास बने पुल के नीचे शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मंगरावां गांव निवासी 45 वर्षीय अशोक दास के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले अशोक दास को पुल पर बैठे देखा गया था। बाद में उनका शव पुल के नीचे पाया गया। सूचना मिलते ही सरपंच महेश कुमार सुमन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के देर से पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखी गई। बताया गया कि पुलिस वाहन खराब होने के कारण देरी हुई।
परिजनों ने अशोक दास की मौत को संदिग्ध बताते हुए आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि प्रारंभिक रूप से ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति की मौत पुल से गिरने के कारण हुई है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम के बाद ही सामने आएगा। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अशोक दास एक निजी विद्यालय में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत थे। वे अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सरपंच ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिस को सुचारु और सक्षम वाहन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं में समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

Most Popular

error: Content is protected !!