मांगें नहीं मानी गईं तो 12 तारीख को होगा धरना, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने भरी हुंकार।
बेलागंज।बिहार राज्य आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका संघ की बेलागंज इकाई द्वारा एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के नाम पर आंगनवाड़ी कर्मियों पर बढ़ते कार्यभार और बुनियादी संसाधनों की कमी को लेकर गहरी नाराजगी सामने आई। बैठक में सेविका-सहायिकाओं ने बताया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा बिना किसी आवश्यक सुविधा के उनसे लगातार नए-नए कार्य कराए जा रहे हैं। संघ की जिला उपाध्यक्ष हेमंती देवी ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण की बात तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। आंगनवाड़ी सेविकाओं को मोबाइल फोन उपलब्ध कराए बिना ही पोषण ट्रैकर, एफआरएस, ई-केवाईसी, टीएचआर वितरण, होम विजिट, प्रधानमंत्री कन्या उत्थान योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसे कार्य कराए जा रहे हैं। वहीं कई केंद्रों पर चावल का आवंटन नहीं होने के बावजूद पोषाहार वितरण का दबाव बनाया जा रहा है। बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि ट्रैकर के रूप में काम कर रही सेविकाओं को एक वर्ष से अधिक समय से प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया है। संघ ने निर्णय लिया कि इन सभी समस्याओं को लेकर विभाग को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 12 तारीख को धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।












