कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष PTM का आयोजन।
शेरघाटी।अनुमंडल के बांकेबाजार प्रखंड स्थित आर.एस. मेमोरियल बचपन किंडरगार्टन शाखा के सभागार में रविवार को शैक्षणिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए एक विशेष अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सोनम कुमारी ने बताया कि बैठक में कक्षा तृतीय से नवम तक के लगभग 50 विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भाग लिया।
संगोष्ठी में इस शैक्षणिक सत्र की तीनों परीक्षाओं के परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्या ने कहा कि मेधावी छात्र तो हर जगह अच्छा करते ही हैं, लेकिन पढ़ाई में पीछे रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान देने के लिए ऐसे आयोजन उपयोगी साबित होते हैं।
अभिभावकों ने विषयवार शिक्षकों से बातचीत कर बच्चों की कमियों को दूर करने के उपायों पर चर्चा की और वार्षिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन का भरोसा दिलाया। अभिभावक कमलदेव कुमार यादव ने विद्यालय की कार्यशैली की सराहना की। इस अवसर पर उप-प्राचार्य, शिक्षकगण और कई अभिभावक उपस्थित थे।












