बेलागंज।घने कुहासे के कारण नेशनल हाईवे पर गुरुवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बेलागंज थाना क्षेत्र के बाईपास के समीप तेज रफ्तार दो ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक ट्रक के चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय कुहासा काफी घना था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे दोनों ट्रक एक-दूसरे को देख नहीं पाए और आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही बेलागंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया और घटना की जांच में जुट गई है।












