टेम्पो रोककर बैग छीनने की कोशिश, शोर मचाने पर ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोचा
शेरघाटी। रौशनगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में मंगलवार को ग्रामीणों की सतर्कता से एक बैग लुटेरा पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपी को ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित रविशंकर कुमार ने बताया कि वह बगिया मोड़ स्थित रोड निर्माण प्लांट में काम करता था जो इमामगंज से टेम्पो पर सवार होकर शेरघाटी के रास्ते छपरा अपने घर जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश उनका पीछा करने लगे।
चांदपुर गांव के समीप बदमाशों ने टेम्पो रुकवाकर उनका बैग छीनने का प्रयास किया। इस दौरान पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और एक लुटेरे को पकड़ लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपी की पहचान इमामगंज थाना क्षेत्र के विशुन बीघा गांव निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम रौशन कुमार और रवि कुमार बताए हैं, जो मौके से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही रौशनगंज थाना अध्यक्ष अणु राजा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गए। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।












