Wednesday, March 11, 2026
HomeBiharटेम्पो-बाइक की भीषण टक्कर में बिजली विभाग कर्मी की मौत, एक गंभीर...

टेम्पो-बाइक की भीषण टक्कर में बिजली विभाग कर्मी की मौत, एक गंभीर घायल


कोंच। प्रखंड कार्यालय के समीप पेट्रोल पंप के पास बुधवार सुबह टेम्पो और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में बिजली विभाग के एक कर्मी की मौत हो गई, जबकि उनका सहकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान 48 वर्षीय रंजीत कुमार के रूप में हुई है, जो ग्राम मीरा बिगहा, थाना टिकारी के निवासी थे और कोंच बिजली विभाग में प्रधान सारणी पुरुष के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रंजीत कुमार अपने सहकर्मी 22 वर्षीय रौशन कुमार (ग्राम जगदीशपुर, थाना कोंच) के साथ बुधवार को विभागीय राजस्व कार्य के सिलसिले में क्षेत्र के उपभोक्ताओं के पास जा रहे थे। इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के समीप पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित टेम्पो ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि अस्पताल ले जाने के दौरान रंजीत कुमार की हालत लगातार बिगड़ती गई और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं रौशन कुमार का पैर फ्रैक्चर हो गया है और उनका इलाज जारी है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सुदेह कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

मृतक का फाइल फोटो

Most Popular

error: Content is protected !!