वजीरगंज।थाना क्षेत्र के पुनावां गांव में सोमवार की देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली तेल पैकिंग के गोरखधंधे का खुलासा किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक गोदाम से विभिन्न नामी कंपनियों के ब्रांड का दुरुपयोग कर तैयार किए जा रहे सामान बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने उसी गांव की एक किराना दुकान में भी छापा मारकर भारी मात्रा में संदिग्ध उत्पाद जब्त किए।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि स्पीड सर्च प्राइवेट लिमिटेड के फील्ड मैनेजर द्वारा दिए आवेदन में उल्लेख किया गया कि सूचना मिली थी कि पुनावां में फॉर्चून और पतंजलि समेत अन्य ब्रांडों के नाम पर नकली तेल की पैकिंग कर बाजार में सप्लाई की जा रही है।
पुलिस टीम ने गोदाम की तलाशी के दौरान 163 बोतल फॉर्चून तेल (टैग लगे प्लास्टिक बोतलों में), 780 पीस स्टीकर, खाली प्लास्टिक बोतलें, 125 बोतल पतंजलि तेल, संबंधित स्टीकर, ढक्कन, दो खाली टीन तथा तेल भरने वाला जार बरामद किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि खाली बोतलों में तेल भरकर उस पर ब्रांडेड स्टीकर चिपकाए जा रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने पुनावां स्थित एक किराना दुकान की तलाशी ली। वहां से 6,150 पीस फेवीक्विक (पांच रुपये पैक), 612 पीस वीट क्रीम तथा 175 पीस पतंजलि दंत कांति पेस्ट बरामद किया गया। इन उत्पादों की सत्यता की जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों स्थानों से बरामद सामान को जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि नकली उत्पादों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












