Tuesday, August 4, 2026
HomeBihar12 वर्षीय नौलेश के लापता होने से परिवार परेशान, पुलिस ने शुरू...

12 वर्षीय नौलेश के लापता होने से परिवार परेशान, पुलिस ने शुरू की तलाश

कोंच। कोंच थाना क्षेत्र के रामपुर गांव से एक 12 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। बालक के अचानक घर से गायब होने के बाद परिजन काफी परेशान हैं। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने कोंच थाना में आवेदन देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

जानकारी के अनुसार रामपुर गांव निवासी विद्यानंद कुमार के पुत्र नौलेश कुमार (12 वर्ष) 27 जुलाई की सुबह घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

बताया जाता है कि बालक के पिता विद्यानंद कुमार गुजरात के सूरत शहर में मजदूरी का काम करते हैं। बेटे के लापता होने की सूचना मिलने पर वे गांव पहुंचे और मंगलवार को कोंच थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।

थानाध्यक्ष आलोक रंजन ने बताया कि आवेदन के आधार पर कोंच थाना कांड संख्या 267/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एसआई संजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस बालक की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच चल रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नौलेश कुमार के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल कोंच थाना को सूचित करें, ताकि उसे जल्द से जल्द सकुशल उसके परिवार से मिलाया जा सके।

Most Popular

error: Content is protected !!