Sunday, April 5, 2026
HomeBiharहाई टेंशन तार टूटने से किसानों की फसल खाक, बिजली विभाग के...

हाई टेंशन तार टूटने से किसानों की फसल खाक, बिजली विभाग के जिम्मेदारी पर उठा सवाल

बेलागंज।चाकंद थाना क्षेत्र के मदन बिगहा और मंडौल गांव के बधार में हाई टेंशन बिजली तार टूटकर गिरने से लगी भीषण आग ने न सिर्फ किसानों की मेहनत को राख कर दिया, बल्कि बिजली विभाग की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जर्जर तार और लचर रखरखाव के कारण यह हादसा हुआ, जिसे समय रहते रोका जा सकता था। बताया जाता है कि अचानक तार टूटकर गेहूं के खेतों में गिरा और चिंगारी से आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों गांवों के नौ किसानों की करीब तीन बीघा से अधिक फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा और सूखी फसल के कारण स्थिति बेकाबू हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में मदन बिगहा के बिक्रम कुमार, अरविंद प्रसाद, शिवशंकर प्रसाद, मीना देवी, विद्यानंद प्रसाद तथा मंडौल के शिवकुमार शर्मा, सुनील कुमार, विनय शर्मा और रणविजय कुमार की फसल पूरी तरह जल गई। घटना के बाद पीड़ित किसानों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि बिजली विभाग समय-समय पर तारों की जांच और मरम्मत करता, तो यह नुकसान टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से न केवल उचित मुआवजे की मांग की है, बल्कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग उठाई है।

Most Popular

error: Content is protected !!