Friday, July 10, 2026
HomeBihar12 सूत्री मांगों को लेकर किसानों का धरना, बीडीओ के माध्यम से...

12 सूत्री मांगों को लेकर किसानों का धरना, बीडीओ के माध्यम से सरकार को सौंपा ज्ञापन

कोंच (गया)। प्रगतिशील किसान संघ एवं किसान मजदूर मोर्चा के संयुक्त बैनर तले शुक्रवार को कोंच प्रखंड कार्यालय परिसर में किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता बाल कुमार यादव ने की। कार्यक्रम के बाद किसानों ने 12 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा, जिसे पंचायती राज पदाधिकारी को सौंपा गया।

धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने उत्तर कोयल नहर परियोजना के अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा कुटकू डैम में फाटक लगाकर उसे चालू करने की मांग उठाई। किसानों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को वापस लेने, राशन कार्ड से हटाए गए गरीब परिवारों के नाम पुनः जोड़ने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित किसानों को फिर से लाभ देने की मांग की।

किसानों ने सभी प्रकार के सरकारी ऋण माफ करने, बिजली संशोधन विधेयक-2025 को वापस लेने, किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने तथा गरीब उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने की भी मांग रखी। इसके अलावा बिहार में मंडी व्यवस्था को पुनः लागू करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने, मजदूर विरोधी कानूनों को वापस लेने और किसानों की सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पार्षद रामचंद्र आजाद ने कहा कि सरकार की किसान एवं मजदूर विरोधी नीतियों के कारण खेती-किसानी और मजदूरी दोनों संकट के दौर से गुजर रही हैं। उन्होंने किसानों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से शीघ्र समाधान करने की अपील की।

धरना को संतोष गिरी, सामाजिक कार्यकर्ता जफर बारी उर्फ छोटू मियां, उपेंद्र पासवान, रघुवीर पासवान, महादेव यादव, राम विलास मांझी समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान एवं किसान संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Most Popular

error: Content is protected !!