खिजरसराय (गया)।खिजरसराय प्रखंड स्थित बिस्कोमान केंद्र पर शनिवार को खाद वितरण के दौरान भारी भीड़ उमड़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यूरिया और डीएपी खाद लेने पहुंचे किसानों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई।
मौके पर मौजूद किसानों मुन्ना, ओमप्रकाश और कवीन्द्र ने बताया कि बिना प्रशासनिक व्यवस्था के खाद वितरण किए जाने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि यदि स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी रहती तो व्यवस्था बेहतर रहती और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति नहीं बनती।
भीड़ बढ़ने और गहमागहमी के बीच बिस्कोमान प्रभारी राजीव कुमार ने कुछ समय के लिए खाद वितरण काउंटर बंद कर दिया। इससे सुबह से लंबी कतार में खड़े किसानों को निराश होकर इंतजार करना पड़ा।
शनिवार होने के कारण खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान बिस्कोमान केंद्र पहुंचे थे। यूरिया और डीएपी की मांग अधिक रहने से केंद्र पर काफी भीड़ लगी रही। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद वितरण के दौरान पर्याप्त व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी किसानों को शांतिपूर्वक और पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध कराई जा सके।
