Thursday, March 5, 2026
HomeBiharबेलागंज प्रखंड क्षेत्र के सलेमपुर गांव में आधा दर्जन किसानों के पुंज...

बेलागंज प्रखंड क्षेत्र के सलेमपुर गांव में आधा दर्जन किसानों के पुंज में लगी आग।

असामाजिक तत्वों द्वारा पुंज के आग के हवाले करने का आरोप।

बेलागंज।बेलागंज थाना क्षेत्र के भालूआ-2 पंचायत अंतर्गत सलेमपुर गांव में गुरुवार की सुबह खलिहान में रखे नेवारी (पुआल) के पुंज में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और छह किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। घटना में कुल 41 हजार नेवारी जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किसानों ने धान की कटाई और पिटाई के बाद जानवरों के चारे के लिए नेवारी के पुंज बनाकर खलिहान में सुरक्षित रखा था। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगा दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पीड़ित किसानों में कमलेश कुमार की 7 हजार नेवारी, वीरेंद्र सिंह की 4 हजार, अरुण कुमार की 4 हजार, दुर्गा रविदास की 3 हजार, राजू सिंह की 3 हजार तथा अर्जुन सिंह की 20 हजार नेवारी जलकर नष्ट हो गई। सबसे अधिक नुकसान अर्जुन सिंह को हुआ है। किसानों का कहना है कि यह नेवारी वर्षभर मवेशियों के चारे के लिए रखी गई थी। अब अचानक हुए इस नुकसान से उनके सामने पशुओं के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। बाल्टी और मोटर पंप के सहारे काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। सूचना मिलने पर बेलागंज थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की जांच कर दोषियों की पहचान करने और पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते सहायता नहीं मिली तो उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा।

Most Popular

error: Content is protected !!