Friday, March 20, 2026
HomeBiharगयाजी में अपराधियों का तांडव: पुरानी गोदाम में केनरा बैंक के सामने...

गयाजी में अपराधियों का तांडव: पुरानी गोदाम में केनरा बैंक के सामने कई दुकानों में भीषण चोरी और तोड़फोड़, व्यवसायियों में भारी आक्रोश

गयाजी। गयाजी शहर के अतिव्यस्त व्यावसायिक इलाके पुरानी गोदाम (चूना गली) में अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए भीषण चोरी और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया है। घटना केनरा बैंक के ठीक सामने की है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक साथ करीब आधा दर्जन दुकानों के शटर और ताले तोड़कर नकदी और लाखों का सामान उड़ा लिया।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की जानकारी दुकानदारों को सुबह 8 से 9 बजे के बीच मिली। जब वे अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। दुकानों के शटर टूटे हुए थे और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित व्यवसायी मारकण्डेय ने बताया कि यह घटना साधारण चोरी नहीं, बल्कि डकैती जैसी है। अपराधियों ने न केवल दुकानों से कैश और कीमती सामान चुराया, बल्कि दुकानों और मकान में जमकर तोड़फोड़ भी की है। सामान को जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया गया है।

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
शहर के इतने पॉश और भीड़भाड़ वाले इलाके में, वो भी बैंक के सामने ऐसी घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि यह ‘दिनदहाड़े’ लूटपाट जैसी स्थिति है।
व्यवसायियों की मांग

इस घटना के बाद पुरानी गोदाम के व्यवसायियों में भारी गुस्सा है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों ने गुहार लगाई है कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
फिलहाल सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की छानबीन कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान हो सके।

Most Popular

error: Content is protected !!