गया। हुलासगंज स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के मठाधीश श्री श्री 1008, श्री हरेरामाचार्य जी महाराज ने सोमवार को गया जिले के मानपुर स्थित लक्खीबाग मोहल्ले में अपने अनन्य सेवक रौशन शांडिल्य के आवास पर पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। स्वामी जी के आगमन पर श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह देखने को मिला और पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता का संचार हो गया।
स्वामी जी महाराज ने अवसर पर अपने आशीर्वचन से जीवन में भगवान की भक्ति, ज्ञान एवं सेवा के महत्व पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि “मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य परमात्मा की शरण में जाकर आत्मकल्याण करना है। भक्ति मार्ग ही वह पथ है, जो जीवन को सार्थक बना सकता है।”
रौशन शांडिल्य, जो कि हुलासगंज प्रखंड के नरमा गांव के निवासी एवं सीआईएसएफ में इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत हैं, ने स्वामी जी महाराज का अपने आवास कपिलदेव निवास पर विशेष स्वागत किया। इस अवसर पर स्थानीय भक्तगण रघुवीर शरण, राजीव कुमार, शंभू सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
राजीव कुमार ने कहा कि “ऐसे संत महापुरुष का हमारे बीच आना किसी बड़े सौभाग्य से ही संभव हो पाता है। उनका आशीर्वाद जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।”
आशीर्वाद कार्यक्रम के बाद स्वामी जी महाराज गया के सीताकुंड और भूषुण्डा मोहल्ले में भी अपने शिष्यों से मिले और उन्हें धर्म, साधना एवं सेवा का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह उनका स्वागत कर आध्यात्मिक वातावरण को और भी प्रगाढ़ कर दिया।












