शेरघाटी।शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल में मंगलवार को मातृ-नवजात शिशु देखभाल इकाई (एमएनसीयू) का शुभारंभ किया गया। इस इकाई का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने सोनपुर से ऑनलाइन माध्यम से किया।
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उदय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय के बाद शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल को एमएनसीयू की सौगात मिली है। इस इकाई में कुल 20 बेड की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 5 बेड अस्पताल में जन्म लेने वाले नवजातों के लिए तथा 5 बेड बाहर जन्मे शिशुओं के इलाज हेतु आरक्षित हैं।
स्वास्थ्य मंत्री द्वारा शुरू की गई नई पहल के तहत अब नवजात शिशु के साथ उसकी मां को भी इकाई में रहने की अनुमति होगी ताकि बच्चे की बेहतर देखभाल की जा सके। इससे माताओं को मानसिक संबल मिलेगा और नवजातों को मातृत्व स्नेह भी प्राप्त होगा।
सिर्फ शेरघाटी ही नहीं, बल्कि सोनपुर से एक साथ फारबिसगंज, नवगछिया, डुमरांव, हथुआ, बारसोई, तारापुर, राजगीर, हिलसा, बाढ़, बनमखी, दलसिंहसराय, रोसड़ा और सोनपुर अनुमंडलीय अस्पतालों में भी 15 एमएनसीयू का उद्घाटन हुआ।
साथ ही अनुमंडलीय अस्पताल सोनपुर में 70 शैय्या वाले प्री-फैब अस्पताल का भी उद्घाटन किया गया। इस कदम से अब नवजात शिशुओं के इलाज हेतु निजी अस्पतालों की निर्भरता कम होगी और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।












