डोभी /गया।डोभी–चतरा मोड़ के पास रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुर्गी लदा एक पिकअप वाहन आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे से आ रहा पिकअप वाहन संतुलन नहीं बना सका और तेज रफ्तार में कंटेनर में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा कंटेनर के भीतर तक चला गया, जिससे पिकअप में सवार तीनों लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-
तफरी मच गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। फंसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गैस कटर मंगवाया और पिकअप वाहन के कई हिस्सों को काटकर हटाया। काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों की पहचान झारखंड के हजारीबाग जिले के इचाक थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय विकास तमोली, 27 वर्षीय संजीत कुमार और 25 वर्षीय सचिन कुमार के रूप में की गई है। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।सूचना मिलते ही डोभी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।












