बेलागंज।गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र के गन्नू बिगहा गांव में पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक की पहचान गन्नू बिगहा निवासी छोटन बिंद के 25 वर्षीय पुत्र सन्नी बिंद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सन्नी पिछले कुछ समय से पारिवारिक कलह को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। मंगलवार देर रात उसने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही चाकंद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और ग्रामीण भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












