वजीरगंज। वजीरगंज के चारो तरफ चोर घूम – घूमकर वारदातों को अंजाम देने में जुटे हैं। शुक्रवार की देर रात लगभग दो बजे कधरिया गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। पीड़ित गृह स्वामी योगी सिंह के भाई टुन्नु सिंह ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ एक कमरे में सोये थे, उस कमरे को बाहर से रस्सी लगाकर बंद कर दिया तथा दूसरे कमरे को चोरों ने ताला तोड़ दिया और चोरी करने में जुट गये। तोड़फोड़ की आवाज पर उन्होंने मुझे एवं गांव के अन्य लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद चोर घर के बक्से में रखे दो ट्रॉली बैग एवं बक्सा लेकर वहां से भाग गये, लेकिन ग्रामीणों चोरों की तलाश करते रहे। चोर घर से लगभग एक किलोमीटर दूर बधार में ट्रॉली खोलकर खंगाला और सामान को वहीं पर बिखेर कर चले गये, जिसे सुबह उठाकर घर लाया गया। ग्रामीणों के साथ – साथ पुलिस को भी चोरी की सूचना दी गई, जिसके बाद शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे पुलिस बल ने आकर चोरी का जायजा लिया। चोर संभवत: कीमती वस्तुओं की तलाश में थे, ग्रामीणों के जागने से उन्हें वह नहीं मिल सका और पीड़ित नुकसान से बच गए।












