वजीरगंज।प्रखंड के सकरदास नवादा पंचायत अंतर्गत नवादा टाल में डाक स्थान के निकट मंगलवार की दोपहर लगभग 1 बजे एक व्यक्ति डूब गया, जिसे देर संध्या तक निकाला नहीं जा सका। वहीं पदाधिकारियों को स्थल पर बुलाने के लिए भिंडस-चनंडिह रोड को सैंकड़ो ग्रामीणों ने बाधित कर दिया। पंचायत मुखिया मुन्ना कुमार ने बताया कि अतरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बंसी बिगहा निवासी 30 वर्षीय टिंकू मांझी अपने ससुराल सकरदास नवादा महादलित टोला में अपने ससुराल जमाहिर मांझी के यहां आया हुआ था और स्नान करने के समय डूब गया। जिसके बाद पुलिस प्रशासन एवं सीओ को मामले की जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष एवं सीओ तो स्थल पर पहुंचे लेकिन खबर करने के बावजूद संध्या छ: बजे तक एसडीआरएफ की टीम घटना स्थल पर नहीं पहुंच सकी। वहीं क्षेत्र भ्रमण पर निकले वजीरगंज विधायक वीरेन्द्र सिंह भी स्थल पर पहुंचे तथा जिलाधिकारी व अन्य पदाधिकारियों से बात कर घटना की जानकारी दी और जल्द से जल्द उसे ढुंढने का निर्देश दिया। साथ में रहे जिला पार्षद छोटू दास ने बताया कि पांच घंटे बाद साढ़े छ: बजे जाम खुला और आवागमन सामान्य हो गया, परन्तु सात बजे तक कोई गोताखोर टीम स्थल पर नहीं पहुंची, सभी लोग टीम के इंतजार में जुटे रहे। ग्रामीणों के अनुसार टाल की मुख्य गहराई लगभग 40 फीट होगी, जिसके कारण कोई स्थानीय ग्रामीण भी उसमें उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। वहीं खबर लिखे जाने तक विधायक और उनके साथ रहे पूरी टीम स्थल पर रूकी रही, लेकिन देर संध्या तक डूबे हुए व्यक्ति का पता नहीं चल पाया। सीओ दिलीप कुमार ने बताया कि सात बजे एसडीआरएफ की टीम आ गई और लाइट की व्यवस्था की जा रही है, उसके बाद हीं उसे ढूंढने का कार्य किया जाएगा।












