Wednesday, March 4, 2026
HomeBiharशेरघाटी में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई गांवों का संपर्क कटा

शेरघाटी में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई गांवों का संपर्क कटा

शेरघाटी / गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल में पिछले 10 से 12 घंटों से हो रही भारी बारिश के कारण नदियाँ एवं नाला उफान पर हैं और क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बुढ़िया नदी का जलस्तर बढ़ने से रिग रोड किनारे बसे कई घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। कई परिवार सड़क किनारे अस्थायी रूप से रह रहे हैं।

बारिश के कारण कई घरों में चूल्हा तक नहीं जल पाया है। वहीं, शेरघाटी को पलकीया से जोड़ने वाली पुलिया तेज बहाव में बह गई, जिससे शेरपुर, फतेहपुर, सुदामडीह, पंडित बीघा जैसे दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है। इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो चुका है। तेज बहाव ने किसानों की एक बीघा से अधिक भूमि भी बहा दी है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गया जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने शेरघाटी क्षेत्र का दौरा किया और पलहत खुर्द, पलहत कला तथा पलकीया गांवों का निरीक्षण किया। पलहत खुर्द गांव में 30 से 35 घर जलमग्न हो चुके हैं, जिनमें से पांच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पलहत खुर्द से कुबड़ी जाने वाला मुख्य मार्ग दो स्थानों पर टूट चुका है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत और बचाव कार्य तेज किया जाए तथा मुख्य मार्गों को जल्द अस्थायी रूप से जोड़ा जाए ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। प्रशासन की ओर से राहत सामग्री पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Most Popular

error: Content is protected !!