Sunday, March 22, 2026
HomeBiharमानपुर में आयकर विभाग की कार्रवाई से कारोबारियों में हलचल, राइस मिल...

मानपुर में आयकर विभाग की कार्रवाई से कारोबारियों में हलचल, राइस मिल मालिक के घर–मिल की जांच

मानपुर। गयाजी के मानपुर शहरी क्षेत्र वार्ड संख्या 51 स्थित कुर्मी टोला में गुरुवार को आयकर विभाग की कार्रवाई से इलाके में दिनभर चर्चा बनी रही। धान–चावल के बड़े कारोबारी और राइस मिल मालिक राजेश कुमार गुप्ता के घर पर सुबह आयकर विभाग की टीम पहुंची और कागजातों की जांच शुरू की।
आयकर विभाग की टीम के साथ सीआईएसएफ के जवान भी मौजूद रहे। सुरक्षा कारणों से घर के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम तक चलती रही। टीम ने घर के अंदर मौजूद वित्तीय दस्तावेज, लेनदेन से जुड़े कागजात और अन्य रिकॉर्ड खंगाले। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई आयकर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की आशंका के आधार पर की जा रही है। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की विशेष टीम पटना से मानपुर पहुंची है, जबकि स्थानीय स्तर के अधिकारी इस पूरे मामले से अनजान बने रहे। राजेश कुमार गुप्ता मानपुर के प्रमुख धान–चावल कारोबारियों में शामिल हैं। वे धान के सीजन में किसानों से बड़े पैमाने पर खरीद करते हैं और अपनी राइस मिल में मिलिंग कर चावल तैयार करते हैं। इसके बाद चावल की सप्लाई बिहार के बाहर ओडिशा, केरल, कर्नाटक जैसे राज्यों में की जाती है। कई बार रेलवे रैक के जरिए भी चावल भेजा जाता है। आयकर विभाग के सूत्रों का कहना है कि फिलहाल इसे छापेमारी नहीं, बल्कि सर्वे की कार्रवाई माना जा रहा है। टीम घर और राइस मिल से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। सभी कागजातों की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और निष्कर्ष तय किए जाएंगे। इस मामले में अभी तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Most Popular

error: Content is protected !!