बोधगया।मगध विश्वविद्यालय परिसर आज देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो एसपी शाही ने कुलपति आवास और प्रशासनिक भवन प्रांगण में ध्वजारोहण किया। शिक्षको, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को 79वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। ध्वजारोहण के पश्चात अपने उद्बोधन में कुलपति प्रो शाही ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि यह अवसर है उन शहीदों को स्मरण करने का, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्रता दिलाई। उन्होंने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों की स्मृति हमें यह प्रेरणा देती है कि हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण के साथ करें। कुलपति ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान के स्तर और नवाचार की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहें। उन्होंने कहा कि आज के समय में विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल ज्ञान का प्रसार करना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, नैतिकता और राष्ट्रप्रेम की भावना का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपने समय का सदुपयोग करें, तकनीकी ज्ञान और कौशल में दक्षता हासिल करें, और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। भारत आज अमृतकाल के दौर में प्रवेश कर चुका है और आने वाले 25 वर्ष हमारे राष्ट्र के भविष्य को निर्धारित करेंगे। इस अवधि में युवा शक्ति का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए विश्वविद्यालय को उन्हें जिम्मेदार, जागरूक और नवाचारी नागरिक बनाने की दिशा में काम करना होगा। समारोह में विभिन्न विभागों के शिक्षकों और शिक्षकतर कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। सभी ने देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ माहौल को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।












