बेलागंज। बेलागंज थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी कमलेश कुमार के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) पद पर प्रोन्नत होने पर थाना परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी और अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने उन्हें एएसआई का बैज पहनाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का भी विस्तार है। उन्होंने कमलेश कुमार को ईमानदारी, समर्पण, समाज सेवा और टीमवर्क को अपने कर्तव्यों का मूल मंत्र बनाकर कार्य करने की प्रेरणा दी। समारोह में बेलागंज थाना में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने पदोन्नत अधिकारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
