वजीरगंज। वजीरगंज प्रखंड के सिकंदरपुर गांव निवासी भीमसेन वर्मा का 2 मार्च को महाराष्ट्र राज्य के नासिक में निधन हो गया। उनके निधन की खबर जैसे ही गांव और परिवार को मिली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को शव घर पहुंचने पर मातम छा गया ,परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि भीमसेन वर्मा स्व दुर्गी महतो के पुत्र थे और महाराष्ट्र के नासिक में रहकर मजदूरी करते थे। वहीं से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी कमाई से ही घर का पूरा खर्च चलता था। अचानक हुए निधन से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मृतक अपने पीछे पत्नी ऊषा देवी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा सत्यम कुमार (14 वर्ष) कक्षा 8 का छात्र है, जबकि छोटा बेटा कल्लू कुमार (10 वर्ष) कक्षा 2 में पढ़ता है। वहीं उनकी बेटी पुष्पा कुमारी (16 वर्ष) ने हाल ही में बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा दी है। पिता की मौत के बाद बच्चों और पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।ग्रामीणों का कहना है कि भीमसेन वर्मा ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के बाद परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस गरीब परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और परिवार का भरण-पोषण सही ढंग से हो सके।
फिलहाल पूरे गांव में शोक का माहौल है।












