गयाजी।गाड़ी संख्या 22307 में यात्रा के दौरान एक यात्री का छूटा हुआ सामान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता से सुरक्षित बरामद कर सही मालिक को सौंप दिया गया। रेलवे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष डीडीयू से प्राप्त रेल मदद शिकायत के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता भाव्या आनंद, पिता राजेश झा, निवासी कोडरमा (थाना–झुमरी तलैया) हावड़ा से कोडरमा की यात्रा कर रही थीं। कोडरमा स्टेशन पर उतरते समय वह अनजाने में अपना काले रंग का बिट्ठू बैग, जिस पर स्काई लिखा हुआ था, ट्रेन में ही छोड़कर उतर गईं। बैग के अंदर लैपटॉप, आधार कार्ड, अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज, चार्जर तथा कुछ निजी सामान मौजूद था। गाड़ी के गया रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरक्षी धर्मेंद्र कुमार द्वारा उक्त बैग को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। इसके बाद यात्री भाव्या आनंद जब रेसुबी पोस्ट गया पहुंचकर अपने सामान के संबंध में जानकारी दी, तो आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनका सामान उन्हें सही सलामत सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल की इस त्वरित और ईमानदार कार्रवाई से यात्री ने राहत की सांस ली और आरपीएफ के प्रति आभार व्यक्त किया। यह घटना ऑपरेशन अमानत के तहत यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।












