गयाजी।रेल मदद से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) गया ने ट्रेन में छूटा हुआ बैग बरामद कर सही व्यक्ति तक पहुंचाया। शिकायतकर्ता सीमांत चक्रवर्ती, निवासी राजरा, थाना काशीपुर, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) ने बताया कि उनके छोटे भाई जयंत चक्रवर्ती ट्रेन संख्या 13167 कोलकाता–आगरा कैंट एक्सप्रेस के कोच S-4, सीट नंबर 71 पर कोलकाता से आसनसोल तक यात्रा कर रहे थे। ट्रेन से उतरने के बाद उन्हें याद आया कि उनका नीला-हरा रंग का पिट्ठू बैग ट्रेन में ही छूट गया है। बैग में कुछ जरूरी कागजात, एक जैकेट, टी-शर्ट और मोबाइल चार्जर था। सूचना मिलने पर गया रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर ट्रेन के पहुंचने के बाद ड्यूटी अधिकारी उनि अजय तिग्गा, उनके साथ सउनि रणधीर कुमार और आरक्षी राजेश रंजन ने संबंधित कोच और सीट की जांच की। जांच के दौरान बताए गए विवरण के अनुसार एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बैग को उतारकर आरपीएफ पोस्ट गया लाया गया और इसकी जानकारी शिकायतकर्ता को दी गई। शिकायतकर्ता की ओर से उनके मित्र अरमान खान, निवासी गोलबीघा, वार्ड नंबर 33, थाना रामपुर, जिला गया (बिहार) आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। पहचान पत्र, शिकायतकर्ता का पहचान पत्र और यात्रा टिकट दिखाने के बाद जांच-पड़ताल कर बैग उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार बैग में रखे सामान की अनुमानित कीमत करीब 1500 रुपये है।












