Tuesday, September 22, 2026
HomeBiharहोली के रंग में रंगी प्रेम कहानी, ग्रामीणों की मौजूदगी में मंदिर...

होली के रंग में रंगी प्रेम कहानी, ग्रामीणों की मौजूदगी में मंदिर में कराई गई शादी

इमामगंज/गया। होली के उल्लास के बीच इमामगंज प्रखंड के केंदुआ गांव में एक अनोखी घटना देखने को मिली, जहां दो साल से चल रहे प्रेम संबंध का अंत शादी के रूप में हुआ। ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों प्रेमी युगल की सहमति से मंदिर में विवाह करा दिया गया।

बताया जाता है कि होली की शाम पतरा गांव निवासी सतीश पासवान (24) चुपके से अपनी प्रेमिका हेमंती कुमारी (20) के घर पहुंच गया। दोनों घर के अंदर होली खेल रहे थे, तभी परिवार के लोगों ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक चर्चा होती रही। कुछ लोगों ने नाराजगी जताई, तो कई ग्रामीणों ने समझाने की कोशिश की।

मामला बढ़ता देख गांव के बुजुर्गों ने पंचायत की तरह फैसला लिया। जब पता चला कि दोनों पिछले करीब दो वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं, तो ग्रामीणों ने देरी न करते हुए सामाजिक सहमति से शादी कराने का निर्णय ले लिया।

इसके बाद गांव के मंदिर को तुरंत सजाया गया और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान के साथ दोनों का विवाह संपन्न करा दिया गया।

शादी के बाद लड़की पक्ष ने लड़के के परिजनों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बालिग हैं और लंबे समय से एक-दूसरे को चाहते थे, इसलिए समाज की सहमति से यह कदम उठाया गया।

अब केंदुआ गांव में होली के रंगों से ज्यादा इस शादी की चर्चा हो रही है। कोई इसे “प्रेम की जीत” बता रहा है, तो कोई इसे गांव की सामाजिक पहल मान रहा है।

Most Popular

error: Content is protected !!