Tuesday, March 17, 2026
HomeBiharमीरगंज गांव का पारंपरिक खिचड़ी भोज में शामिल हुए कई विधायक

मीरगंज गांव का पारंपरिक खिचड़ी भोज में शामिल हुए कई विधायक

कई पीढ़ियों से चलती आ रही है यह परंपरा

वजीरगंज। वजीरगंज प्रखंड के मीरगंज गांव का खिचड़ी भोज प्रसिद्ध है, यहां ग्रामीण अपनी परंपरा का निर्वहन कई पीढ़ियों से करते आ रहे हैं। बीते शुक्रवार से गांव में खिचड़ी भोज का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को ग्रामीण सह नगर पंचायत मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अमर शंकर उर्फ काका सिंह ने वृहद पैमाने पर इसका आयोजन किया, जिसमें वजीरगंज विधायक वीरेन्द्र सिंह, टिकारी पूर्व विधायक अनिल सिंह , अतरी विधायक रोमित कुमार सहित सैकड़ों गण्यमान्य लोग एवंहजारों की संख्या में महिला पुरुष शामिल हुए। सभी ने खिचड़ी की तारीफ करते हुए सहभोज को आदर्श बताया। इस भोज में सभी जाति वर्ग के लोगों ने एक साथ बैठकर पूरे दिन भोजन का आनंद लिया। ग्रामीण मनीष कुमार, साकेत कुमार, राजेश कुमार, कुमार श्याम कन्हैया, पवन कुमार, ललन कुमार, धनंजय पांडेय, विपीन सिंह, भोली सिंह सहित अन्य बताते हैं कि हमारे गांव की यह परंपरा रही है। हमारे यहां सूखे मेवे और देसी घी में बासमती चावल तथा दालों का प्रयोग कर खिचड़ी बनाया जाता है, इसके साथ दही, पापड़, घी, चटनी, चोखा, पकौड़ी, अचार आदि की व्यवस्था होती है। हमलोग भोज में अपने रिश्तेदारों एवं मित्रों को निमंत्रण देते हैं तथा प्रेम पूर्वक अपनी श्रद्धा परोसते आए हैं। यह परंपरा कितनी पुरानी है, यह पता नहीं, लेकिन
धीरे-धीरे इसका प्रचलन बढ़ता जा रहा है और लोग अगले वर्ष फिर से आने का इंतजार करते हैं। विधायक रोमित कुमार ने कहा कि बहुत पहले से सुना था कि खिचड़ी भोज का आयोजन होता है, आज पहली बार शामिल होने का मौका मिला है। खिचड़ी में जिस प्रकार सभी वस्तुएं मिलकर स्वाद बढ़ाती हैं, उसी प्रकार यहां के लोगों में सौहार्द व्याप्त है, जिसे देखकर बेहद प्रसन्नता हुई।

Most Popular

error: Content is protected !!