औरंगाबाद।औरंगाबाद शहर के पुरानी जीटी रोड नवाडीह मोड़ स्थित गैलेक्सी मेडिकल के मालिक मो. जुनैद अहमद की शुक्रवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और कैंप कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात में अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल जुनैद अहमद को जमुहार अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई।
फिलहाल घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश, कारोबार से जुड़ा विवाद या अन्य किसी कारण की संभावना पर भी जांच कर रही है।
हालांकि, सुबह तक स्थिति सामान्य है और बाजार खुले हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।
लेकिन शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर नवाडीह मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में अपराधी इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर कैसे फरार हो गए? यह सवाल अब आम लोगों की जुबान पर है।












