Friday, March 20, 2026
HomeBiharजिला स्तरीय समन्वय समिति की हुई बैठक आयोजित

जिला स्तरीय समन्वय समिति की हुई बैठक आयोजित

आरा।समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में उन्होंने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के समीक्षा के क्रम में बचे हुए डॉक्यूमेंट अपलोड कार्य में तेजी लाने तथा फॉर्म-6, 7 एवं 8 की गहन जांच कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। राजस्व महाअभियान के अंतर्गत जमाबंदी की प्रति तथा सुधार हेतु आवश्यक प्रपत्रों के वितरण कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही लंबित राशन कार्डों तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के वितरण की समीक्षा की गई और इसमें त्वरित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत आयोजित विशेष शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न सेवाओं के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का शीघ्र और समयबद्ध निष्पादन कर लाभार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से मॉडल टोला निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारियों को परस्पर समन्वय स्थापित कर टोलों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अंचलाधिकारियों एवं राजस्व पदाधिकारियों को भूमिहीन परिवारों के बीच पर्चा वितरण एवं भूमि उपलब्धता की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश भी दिया।इसके अतिरिक्त, उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अपर समाहर्ता को इन सभी बिंदुओं पर सतत अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Most Popular

error: Content is protected !!