Wednesday, July 22, 2026
HomeBiharवजीरगंज के बुधौलगाँव में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार तस्कर गिरफ्तार

वजीरगंज के बुधौलगाँव में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार तस्कर गिरफ्तार

गया। गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वजीरगंज थाना क्षेत्र के बुधौल गांव में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। छापेमारी के दौरान हथियार तस्कर मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया तथा उसके घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और हथियार निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों एवं हथियार तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ से सूचना मिली थी कि बुधौल गांव में मनोज मिस्त्री अपने घर में अवैध हथियार बनाकर सप्लाई करता है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने बुधौल गांव स्थित मकान की घेराबंदी की। इस दौरान एक व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस बल की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री, पिता मदन मिस्त्री, निवासी बुधौल, थाना वजीरगंज के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान मकान से दो बड़ा देशी एकनाली बंदूक, एक देशी मास्केट, दो देशी कट्टा, एक अर्द्धनिर्मित कट्टा, एक अर्द्धनिर्मित बड़ा पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, सात खोखा तथा छह बैरल समेत हथियार निर्माण में उपयोग होने वाली बड़ी संख्या में मशीनें और उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामान में लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर मशीन, वेल्डिंग मशीन, स्प्रिंग, स्क्रू, हथौड़ी, आरी, रेती और अन्य सामग्री शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में वजीरगंज थाना कांड संख्या 313/26 दिनांक 22 जुलाई 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किसी बड़े हथियार तस्कर गिरोह से जुड़ा है या नहीं। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Most Popular

error: Content is protected !!