गायघाट।प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में पंचायत समिति की बैठक हुई। बैठक शुरू होते ही सदन में हंगामा शुरू हो गया। पंचायत प्रतिनिधि अपनी समस्या पर बोलने को लेकर आपस में ही उलझ गये। प्रखंड प्रमुख श्रवण कुमार सिंह व मुखिया मंडल अध्यक्ष अजय कुमार उर्फ गुड्डू सिंह ने सदस्यों को समझाकर शांत कराया। बैठक से एमओ विवेक कुमार लगातार तीसरी बार गायब रहे।सदस्यों ने प्रखंड प्रमुख को कारवाई के लिए निर्देशित किया। पंसस वाल्मीकि सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि एमओ ने पीडीएस दुकानदारों की मिलीभगत से एक महीने का खाद्यान्न वितरण नहीं किया, जबकि सभी उपभोक्ता से पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवा लिया गया है। सांसद प्रतिनिधि सह पंसस शशांक शेखर चौहान ने आरोप लगाया कि कृषि विभाग में खुलेआम लूट खसोट किया जा रहा है।
कहा कि राजस्व महाअभियान में लगे किसान सलाहकार व कर्मी रैयतों से अवैध वसूली कर रहे हैं। उन्होंने बरुआरी व कमरथू पंचायत का उदाहरण देते हुए सीओ से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में बिजली की समस्या को लेकर भी सदस्यों ने आवाज उठाई। इसके साथ ही नलजल योजना, आवास योजना, शौचालय निर्माण के प्रोत्साहन राशि का लंबित भुगतान, पशुओं में हो रहे लंपी रोग समेत कई मुद्दों पर बहस हुई। बैठक में बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय, सीओ शिवांगी पाठक, बीपीआरओ संजय कुमार पासवान, बेनीबाद थानाध्यक्ष साकेत कुमार शार्दूल सहित कई मुखिया व पंसस उपस्थित थे।












