चिकित्सा विशेषज्ञ बनी वजीरगंज की बेटी को किय़ा गया सम्मानित
वजीरगंज।वजीरगंज नगर पंचायत अंतर्गत भरेती में शनिवार को एक बेटी के चिकित्सा विशेषज्ञ बनने पर समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया। भरेती निवासी सेवानिवृत स्वास्थकर्मी ललन चौधरी की पुत्री ललिता कुमारी नवादा जिला के सदर अस्पताल में स्त्री रोग चिकित्सा विशेषज्ञ पद पर बहाल हुई है, जिसे विगत 7 फरवरी को मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने एक आयोजित समारोह में नियुक्ति पत्र दिया। नवादा में पदस्थापन की सूचना पर भरेती सहित उन्हें जानने वालों में खुशी की लहर दौड़ गई, जिसके बाद परिजन के सहयोग से ग्रामीणों ने उसका भव्य स्वागत किया गया। ढोल-बाजे के साथ स्वागत यात्रा निकाली गई तथा पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर वजीरगंज की बेटी डॉ ललिता का अभिनंदन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ ललिता कुमारी ने कहा कि आम लोगों की सेवा करना मेरा परम धर्म एवं कर्तव्य है और मैं बिहार में रहकर ही देश की सेवा करना चाहती हूँ। पिता ललन चौधरी ने कहा कि मेरी छ: बेटियां हैं और सभी पर मुझे गर्व है, चचेरे भाई महेश चौधरी ने कहा कि ललिता की पूरी पढ़ाई सरकारी विद्यालयों में हुई है, लेकिन वह काफी तेज तर्रार थी, जिसके बाद उसने नीट सफलता पूर्वक पास कर पढ़ाई की। वहीं पति लक्षमण चौधरी ने बताया कि मैं धनबाद में रेलवे कंट्रोलर पद पर कार्यरत हूँ, पढ़ाई के दरम्यान कई परेशानियां आई लेकिन एमबीबीएस करने के बाद एक अच्छा मुकाम ललिता को मिला है, जिससे हमलोग खुश हैं।












