कर्तव्य में लापरवाही पर इस्लामपुर थाना के दारोगा समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
नालंदा।कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के मामले में नालंदा पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने कड़ा रुख अपनाते हुए इस्लामपुर थाना में पदस्थापित एक पु०अ०नि० एवं चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नालंदा जिला बल के पु०अ०नि०, तीन पुलिसकर्मियों तथा एक चालक सिपाही के विरुद्ध जनता द्वारा लगातार उनके कार्य में लापरवाही एवं अनुचित व्यवहार की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक हिलसा-02 द्वारा जांच कराई गई।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती जा रही थी तथा आम जनता के साथ उनका व्यवहार भी संतोषजनक नहीं था। जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस अधीक्षक, नालंदा ने पु०अ०नि०, सिपाही मो० आसिफ, लव कुमार सिंह, करण कुमार तथा चालक सिपाही जीतू कुमार को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है।
नालंदा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विभाग अपने पदाधिकारियों एवं कर्मियों के आचरण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या जनता के प्रति असंवेदनशील व्यवहार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












