Friday, July 10, 2026
HomeBiharबेलागंज में नए अंचलाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी ने संभाला पदभार, बिचौलियों पर...

बेलागंज में नए अंचलाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी ने संभाला पदभार, बिचौलियों पर होगी सख्ती

बेलागंज। बेलागंज प्रखंड में शुक्रवार को नए अंचलाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान प्रभारी अंचलाधिकारी (आरओ) से विधिवत प्रभार ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारी संभाली। गौरतलब है कि पूर्व अंचलाधिकारी गजानंद मेहता के तबादले के बाद यह पद कुछ समय से रिक्त था।पदभार ग्रहण करने के बाद अंचलाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता अंचल कार्यालय को बिचौलिया मुक्त बनाना है, ताकि आम लोगों को बिना किसी परेशानी के सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी कर्मचारी या बिचौलिये द्वारा किसी कार्य के बदले रुपये की मांग की जाती है तो लोग इसकी शिकायत सीधे उनसे करें। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी विवादों का त्वरित निष्पादन, भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराना तथा सरकार की सभी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद अंचलाधिकारी ने कार्यालय पहुंचे कई फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। नए अंचलाधिकारी के पदभार ग्रहण करने से आम लोगों को राजस्व एवं भूमि संबंधी कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जगी है।

Most Popular

error: Content is protected !!