रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन
गया जी। मंगलवार को हरिदास सेमिनरी स्थित आर्ट गैलरी सह प्रेक्षागृह के सभागार हॉल में शहर के लकवा एवं पोलियो रोग के लब्ध प्रतिष्ठित होम्योपैथिक चिकित्सक रहे डॉ के.पी यादव की आठवीं पुण्यतिथि समारोह के अवसर पर डॉ के.पी यादव मेमोरियल एवं होम्योपैथिक साइंटिफिक सेमिनार का आयोजन किया गया। डॉ के.पी यादव जी को समर्पित एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन तीन सत्रों में हुआ। जिसमें उनकी स्मृति में सैकड़ो छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें रक्त वीरों ने 30 यूनिट रक्त दिया।
सर्वप्रथम उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम का शुभारंभ गया नगर निगम के महापौर गणेश पासवान, जिला परिषद की अध्यक्षा नैना कुमारी,कार्यक्रम के संरक्षक डॉ एमके साहनी, डॉ राम जी सिंह, रामानुज मठ के मठाधीश श्री वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज, डॉ वीरेंद्र कुमार, रामबालक सिंह होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ रविंद्र कुमार सहित मंचासीन अतिथियों ने स्वर्गीय केपी यादव जी के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
स्वागत वक्तव्य में डॉ वीरेंद्र कुमार ने आगत सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने पिता की स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि हमारे पिता डॉ के पी यादव व्यक्ति नही विचार थे। उन्होंने चिकित्सकीय कार्यो के साथ निस्वार्थ पूर्वक समाज की सेवा की। उनके द्वारा किए गए कार्य हमें मार्गदर्शन के तौर पर सदैव आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उनकी आठवीं पुण्यतिथि पर बारंबार नमन करता हूं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ रामजी सिंह ने कहा की डॉ के पी यादव जी के अच्छे गुण और चरित्र हमारे जीवन के बेहद करीब है और उनमें मानवीय मूल्य निहित थे। गया शहर में उनके नाम पर सड़क का नामकरण और चौक- चौराहे पर आदमकद की प्रतिमा लगाई जाए तभी उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
महापौर गणेश पासवान ने कहा की डॉ के पी यादव गरीबों के मसीहा थे। एक संस्मरण सुनाते हुए उन्होंने कहा कि जिनके पास इलाज के लिए रूपए-पैसे नहीं होते थे, उनका वह निशुल्क इलाज करते थे।
डॉ एमके साहनी ने उनके साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए कहा कि केपी यादव जी हमारे गार्जियन तुल्य थे। उन्होंने डॉ केपी यादव के जीवनी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए डॉ
केपी यादव शोध संस्थान बनाने पर जोर दिया।
तृतीय सत्र में कवि सम्मेलन एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश के चंदौली की प्रियंका पांडेय, नालंदा की अनमोल, नवादा के गौतम कुमार सरगम एवं ओंकार कश्यप ने अपनी सुमधुर रचनाओं से श्रोताओं की खूब वाहावाहियां लूटी। रांची की संगीतकार मृणालिनी अखौरी ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर गजल और भजन से दर्शकों का मंत्रमुग्ध कर दिया। सहकारिता मंत्री डॉ प्रेम कुमार, महापौर गणेश पासवान, समाजसेवी उषा डालमिया, पूर्व महापौर जितेंद्र कुमार यादव उर्फ बच्चू यादव, मोहन श्रीवास्तव मंचासीन उपस्थित थे।
इस अवसर पर डॉ चंद्रतारा यादव, डॉ अभिषेक मृणाल, डॉ हर्षवर्धन, डॉ राजवर्धन, डॉ गुंजा, श्वेता, रेणु देवी, तनिष्का मृणाल,डॉ राम सिहासन सिंह, टिब्लू सिंह, सहित शहर के कई समाज सेवी, बुद्धिजीवी वर्ग उपस्थित थे।












