Monday, March 2, 2026
HomeBiharगया जी से फिर एक बार विश्व शांति और सद्भाव का पैगाम,...

गया जी से फिर एक बार विश्व शांति और सद्भाव का पैगाम, 11–13 अप्रैल को तीन दिवसीय भव्य सम्मेलन

गया जी ।एक बार फिर ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नगरी गया जी से विश्व शांति, साम्प्रदायिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। पीस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आगामी 11, 12 और 13 अप्रैल 2026 को गांधी मैदान में तीन दिवसीय विश्व शांति सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न धर्मों के विश्व विख्यात स्कॉलर और धार्मिक गुरु शिरकत करेंगे।

सम्मेलन के पहले दिन 11 अप्रैल को मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान शामिल होंगे। वे मुख्य वक्ता के तौर पर शांति और सद्भाव का पैगाम देंगे। इस अवसर पर केंद्रीय कैबिनेट में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार तथा बिहार सरकार  के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

गांधी मैदान में आयोजित इस भव्य सम्मेलन में सनातन, इस्लाम, बौद्ध, सिख, जैन और ईसाई धर्म के धार्मिक गुरुओं और स्कॉलरों का जमघट रहेगा। पहले दिन विश्व शांति का संदेश देने के लिए सनातन सर्वधर्म संसद के अध्यक्ष स्वामी सुशील गोस्वामी जी महाराज, जामा मस्जिद पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी, एलायंस ऑफ सिख ऑर्गेनाइजेशन के परमपाल सिंह साबरा, सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी पूर्वी भारत के अध्यक्ष सूरज सिंह नलवा तथा ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पीस एंड जस्टिस के फादर एम.डी. थॉमस सहित विभिन्न धर्मों के विद्वान मंच साझा करेंगे। प्रसिद्ध शिक्षक खान सर भी अपने संबोधन से लोगों का उत्साहवर्धन करेंगे।

सम्मेलन के दूसरे दिन 12 अप्रैल को शहादत दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवि और शायर अपनी रचनाओं के माध्यम से अमन और इंसानियत का संदेश देंगे।

तीसरे और अंतिम दिन 13 अप्रैल को इंडियन बॉडीबिल्डिंग फेडरेशन के तत्वावधान में बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से 300 से अधिक बॉडीबिल्डर प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

आयोजन की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन के सेक्रेटरी इकबाल हुसैन ने दी। उन्होंने कहा कि जब-जब विश्व में संकट की घड़ी आई है, गया जी ने अहिंसा, प्रेम, भाईचारा, धैर्य और नैतिक मूल्यों पर आधारित संदेश देकर मानवता को राह दिखाई है। यह धरती गौतम बुद्ध की तपोभूमि रही है, जहां निकटवर्ती बोधगया में उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई और उन्होंने विश्व को अहिंसा का संदेश दिया। गया जी को भगवान विष्णु और सूफी संत पीर मंसूर की धरती भी बताया जाता है, जो यहां की गंगा-जमुनी तहजीब और साम्प्रदायिक सौहार्द के प्रतीक माने जाते हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान संतोष सिंह,असद परवेज़ उर्फ कमांडर,अंकुश बग्गा,मसूद मंज़र एडवोकेट, सुदामा कुमार, संजय सेठ, अज़मत हुसैन खान, अशोक कुमार सिंह (अशोक दा), अनिल स्वामी, वार्ड पार्षद राहुल कुमार, अर्जुन यादव,  अनंतधीश अमन, फ़ैसल रहमानी, जावेद अख्तर, फौजी इमाम, फैज़ान अली, हलीम खान, एडवोकेट, रंजीत यादव, प्रियरंजन डॉयर, डॉ. जेडएच खान, बलन्द इक़बाल,  मिर्जा गालिब कॉलेज के सचिव शबी आरफ़ीन शम्सी, संजू साव, डॉ. केके कमर, हसन रज़ा, प्रदीप जैन, धनंजय कुमार रॉय, डॉ. गगन मिश्रा समेत समाजसेवी, व्यापारी, रोटेरियन, युवा और शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पीस कॉन्फ्रेंस को सफल बनाने के लिए दी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।

Most Popular

error: Content is protected !!