6 फरवरी को गया पहुंचेगी आइसा और ऐपवा की बेटी बचाओ न्याय यात्रा
हिंसा, हत्या और बलात्कार के खिलाफ 10 फरवरी को विधानसभा के समक्ष मार्च में जिले से शामिल होंगे सैंकड़ों छात्र महिला
गयाजी।भाकपा माले गया जिला कमेटी की एक दिवसीय बैठक आज न्यू बंगाली आश्रम, नवागढ़ी में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी मगध जोन प्रभारी व पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड अमर भी शामिल हुए।
बैठक में बेटी बचाओ न्याय यात्रा, पार्टी सदस्यता नवीकरण, नई भर्ती, ब्रांच पुनर्गठन, नया गठन, लोकल व प्रखंड सम्मेलन पर बात हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए कॉमरेड अमर ने कहा कि पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में जहानाबाद की नीट छात्रा के साथ बलात्कार के बाद हत्या और औरंगाबाद की एक अन्य नीट छात्रा की पटना में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे बिहार को झकझोर कर रख दिया है। बिहार विधानसभा चुनाव को साजिशपूर्ण तरीके से हड़पने के बाद भाजपा-जदयू सरकार ने राज्य के गरीबों, दलितों, मुस्लिमों और महिलाओं के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है। एक ओर गरीबों के घरों पर बुलडोजर चल रहे हैं तो दूसरी ओर छात्राओं और महिलाओं के खिलाफ बलात्कार, हत्या, मॉब लिंचिंग और यौन हिंसा की घटनाएं बेलगाम हो चुकी हैं।
ऐसे में पार्टी के छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) 4 से 9 फरवरी तक बेटी बचाओ न्याय यात्रा निकाल रही है। 4 फरवरी से जहानाबाद की पीड़िता के गांव से यह यात्रा शुरू होगी और नालंदा, नवादा, गया, औरंगाबाद, अरवल होते पटना में 10 फरवरी को विधानसभा के समक्ष न्याय मार्च से समापन होगा।
यात्रा 6 फरवरी को नवादा से गया में प्रवेश करेगी जहां मानपुर, गया शहर, पंचानपुर और टिकारी में नुक्कड़ सभा व सभा का आयोजन होगा।
बैठक को जिला सचिव निरंजन कुमार ने भी संबोधित किया।
बैठक में राज्य कमेटी सदस्य श्यामलाल प्रसाद, तारिक अनवर, रीता वर्णवाल, धनंजय, जिला कमेटी सदस्य सुदामा राम, बच्चू सिंह, रामचंद्र प्रसाद, रवि कुमार, अहमद सगीर, रवि कुमार, शीला वर्मा, बालेश्वर प्रसाद यादव, मो. शेरजहां, सिद्धनाथ सिंह, ज्ञानी यादव, अंजुसा कुमारी, विनोद पासवान, कौशल कुमार, विभा भारती, सुरेंद्र यादव, राजकुमार यादव, अमरेंद्र शर्मा व डोमन पासवान शामिल रहे।












