बेलागंज।बेलागंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना गया–पटना रोड पर फतेहपुर मोड़ के पास हुई, जहां पैदल सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के सालेपुर गांव निवासी मनोहर यादव पिता स्वर्गीय काली यादव उम्र लगभग 50 वर्ष के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मनोहर यादव सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया। इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मनोहर यादव एक साधारण और मेहनतकश व्यक्ति थे, जिनकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। वहीं जिस बाईक से दुर्घटना हुई उसका चालक गाड़ी और अपने एक साथी को छोड़कर भागने में कामयाब हो गया। जबकि ग्रामीणों ने साथ में रहे एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बाईक को जब्त करते हुए युवक को कस्टडी में लेकर थाना ले आई। घटना के संबंध में अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया भेज दिया है। वहीं मेन थाना क्षेत्र के बगुलवार निवासी नाबालिक को पुलिस कस्टडी में रखा गया है।












