बेलागंज।प्रखंड क्षेत्र के बेलाडीह और शंकरपुर के गांव के बधार में शुक्रवार की शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान ठनका गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम अचानक आई तेज आंधी के साथ बारिश के दरमियान दौरान शंकरपुर गांव के बधार में रहे शंकरपुर निवासी रामप्रवेश यादव (55 वर्ष), पिता रामाश्रय यादव, ठनका की चपेट में आ गए। ठनका गिरते ही उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं वहीं दूसरी घटना बेलाडीह के बधार में गिरे ठनका से बेलाडीह निवासी धनंजय कुमार (35 वर्ष), पिता बीरेंद्र राम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल धनंजय कुमार को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल गया भेज दिया। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की है। उधर गंभीर रूप से घायल बेलाडीह निवासी धनंजय कुमार की भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
